Wednesday, October 2, 2013

किताब, स्कूल और आसपास

किताब और जिन्दगी ये आपस में किस तरह टकराते है?

अनेकों रंगबिरंगी जीवनी घटनाओं का एक जत्था किसी एक शख़्स की ज़िन्दगी की कहानी कहता है। कभी सौगातें, कभी मुश्किलें, कभी फैसले तो कभी चाहतों के गट्ठर बनकर। हर शख़्स और रिश्तों के भीतर कई ऐसे कारणपस्त दृश्य छिपे हैं जो उदाहरण बने कईयो के जीवन में दखलअंदाजी करते हैं। एक दूसरे में ट्रांसफर होते ये दृश्य बनते एक जिन्दगी से हैं लेकिन फिर सबके हो जाते हैं। किताबी ज़ुबान इन सबके हो जाने से पिरोये जाते हैं। जिनमें हंसी, खुशी, चुनोतियां, परेशानियां और उनके निवारण, कामयाबी के चरण को बखूबी बुनियादी शब्दों में बांधकर एक पुल बनाया जाता है। किताब उस पुल को ध्यानपूर्वकता से पढ़ने और भविष्य की तस्वीर को गाढ़ा कर देने की फोर्स का एक नाम बनकर कैटेगिरियां बनाती चलती है।

उदाहरण के तौर पर हम बात करते हैं : जैसे स्कूल की किताब और उसके पाठ के आकार और पाठ के ज्ञान को उसके वज़न द्वारा किताबों में भरा जाता है। लेकिन इतने बेजोड़ जोड़ के बावजूद भी जब एक क्लास इनके बीच घूम रही होती है तब वे सभी वज़न आम जीवन की जमीन पर बिखर जाते हैं। जैसे किसी पाठ का जोरदार एक्सीडेंट जीवन के किसी पहाड़ से हो गया हो। पाठ कई हिस्सों में आम जीवन की जमीन को छूने लगता है। अणुओं की भांति रेंगता है। एक से दूसरे को धकेलता है। फिर मिलना व चिपकना शुरू करता है। जिसमें कई ऐसी जीवनिए घटनायें, शख़्स, भीड़, रिश्ते, कहानियां भी खिंच आती हैं जिनका स्कूली भाषा और जमीन को कोई जरूरत नहीं। एक क्लास में जैसे ही पाठ को छोटे पाठकों के सामने सुना दिया जाता है वे तभी किताब से निकल जाता है। आसपास से टकराता है और पाठकों के अनुभव का बन जाता है। क्लास का रूटीन और कसकसाती आवाज़ बेहद जोर लगाती है की आसपास से हटकर किताबी जुबान को बुना जाये लेकिन पाठक आसपास से कहानियां बीन लाते हैं। वो कसकसाती आवाज़ पाठ के सवालों से कहानी को फिर से दोहराती है लेकिन पाठक सवालों से पहले ही अपनी जीवनी कहानियों से उनके उत्तर दे डालते हैं। यहां पर किताब और आसपास हमेशा टकराते हैं। हम किस तरह सोच सकते हैं कि हमें किसी किताब की कहानी को जानना है या उस कहानी को बदल देना है? जैसे एक क्लास आसपास से गुथी व बुनी होती है। अनुभव, आसपास, रिश्ते, परिवार से सींचते, सीखते व मिलते बयान साथियों को बोलने के शब्द देते हैं। जहां स्कूल व पाठ उन्हे एक सतह यानि प्लेटफॉम देता है कि किसपर बोला या सोचा जायेगा वहीं आसपास उन्हे वे झलकियां प्रदान करता है कि उन्हे बोलना क्या है? उन्होने देखा क्या है और सुना क्या है। आसपास ये कहने, सुनने अथवा बोलने के लिये उदाहरण बन दृश्य देता है। 

ये आसपास क्या है? और क्यों पाठ के साथ होती बातचीत के दौरान उभर कर आने लगता है?

Tuesday, October 1, 2013

रफ़्तार

स्वयं से विपरित सोचने की कोशिश। विपरित घुमावदार या तीव्रता लिये हुए है। वे आगे जा रही है या वहीं है। अगर इसे मंजिल पर जल्दी पहुँच जाना से बाहर होकर सोचा जाये तो वे रास्ते की अवधारणा से परे होकर जीती है। अपनी मौजूद शारीरिक क्षमता से बाहर होकर जीने की कोशिश होती है। समय की सीमा धारा से बाहर होकर उससे रूबरू होने की राह और एक क्लैश जिसमें सम्पूर्णता अपने मौजूदा पल से भिंडत में हैं।

Thursday, September 26, 2013

बातों की तितलियां

वो बात जिसका जवाब उसमें नहीं होता -
वो सवाल है।

वो बात जिसके भीतर ही उसका जवाब होता है -
वो पहेली है।

वो बात जिसका जवाब होता नहीं पर फिर भी उसकी तलाश जारी रहती है -
वो रहस्य है।

वो बात जिसमें जवाब भी होता है और सवाल भी -
वो कहानी है।

वो बात जिसका जवाब किसी और के पास होता है -
वे बातचीत है।

वो बात जिसमें सिर्फ बातें होती है -
वो बिना सवाल जवाब के है।

वो बात जिसमें भाव जुड़ते हैं -
वो अनुभव है।

वो बात जिसमें समय की पाबंदी नहीं होती -
वो कल्पना है।

वो बात जिसमें दृश्य और कहानी मिली हो -
वो स्क्रिप्ट है।

वो बात जो कम शब्दों मे दुनिया बसाये होती है -
वो शायरी है।

वो बात जो लय मे होती है -
वो गाना है।

वो बात जिसमें कई जवाब छुपे होते हैं -
वो झूठ है।

वो बात जिसमें अनेको मोड होते है
वो दास्तान है।

वो बात जिसमें कोई जवाब नहीं होता  -
वो क्या है?







लख्मी

मौजूदगी

गैरमौजूदगी को मौजूद रहने के जिंदा अहसास

जीवन के जिन्देपन का एक रिले जिसके अनेको चेहरे है

किसी गैर समय की धारा में - खुद के होने विम्ब

Friday, September 20, 2013

हम

अनेकों "मैं" का बसेरा।
'एक' और 'अनेक' के बीच का एक ऐसा पुल जिसपर कभी भी यहां से वहां हुआ जा सकता है।
विभिन्न आवाज़ों से बनी एक गूंज।
"सब कुछ" की इच्छा से बना

उंगलियों के निशान

राकेश

कम आमदनी में जीना

हफ्ते में शायद ही कोई ऐसा दिन होता होगा जिस दिन बिमला जी घर में कुछ खोज ना रही हो। अक्सर पलंग के अंदर से चावलो के कट्टे में रखे बर्तनो को निकालकर वे घण्टा भर उन्हे देखती व खकोकरती रहती हैं। कटोरियां अलग, गिलास अगल, चम्मचे अलग, थालियां, लोटे सब अलग। सा‌थ ही पीतल, सिलवर और स्टील अलग। उनके थैले में बर्तनों के साथ साथ चुम्मबकों के कई छोटे छोटे पीस पड़े रहते हैं। वे सबके अलग अलग चिट्ठे बनाकर उन्हे गिनती रहती है। अपने कोई हिसाब लगाकर उसे वापस उसी बोरी मे बड़ी सहजता से रख देती है। मगर यह देखा और खकोरना यहीं पर नहीं थमता। यहां से शुरू होता है। हर वक़्त उनके कान उस आवाज़ को सुनने की लालसा करते हैं जिसमें कुछ अदला-बदली के ओफर हो। कुछ लिया जाये और कुछ दिया जाये। वो इस बात पर हमेशा कहती है, “यह सारे बर्त बेटी की शादी में काम आयेगें। उसके कन्यादान देने के लिये।" उनके घर मे सारे बर्तन ऐसे ही किन्ही नाम से रखे गये हैं। सबके घरों मे गुल्लके होती है मगर बिमला जी के घर मे यह चावलों के कट्टे ही उनकी गुल्लके थी। जिसमें पैसे नहीं बर्तन थे।

आज बी कुछ ऐसा ही दिन था। होली चली गई है। पर कई ऐसी चीजें छोड़ गई है जिनका उपयोग किया जा सकता है। उनके घर मे कुछ भी बेकार नहीं है। डिब्बे, प्लास्टिक, लोहा और यहां तक की कपड़े। एक भी होली खेला कपड़ा ऐसा नहीं था जो बेकार हो। सुबह ही उन्होने एक एक कपड़ा एक कोने मे जमा कर दिया था। कमीज़, पेन्ट, सूट, साड़ी, टीशर्ट, पजामा, बनियान, कच्छे और टोपिया यहां तक की जूते भी। अलमारी खोलकर सारे कपड़ो को बाहर निकाल कर उनमे कुछ तलाश रही है। तलाशते तलाशते बात भी ऐसी कहति है कि किसी को बुना ना लगे। "चलो भई आज अलमारी मे से गर्म कपड़े बाहर निकाल दिये जाये और पतले कपड़ों की जगह बनाई जाये।"