Tuesday, July 26, 2011

दो मिनट शहर के

सबमे कहीं जाने की होड़ सी लगी है। हर कोई किसी न किसी सफ़र में खुद को जबरदस्ती घुसा दे रहा है और कहीं निकल जा रहा है। सब लगते जैसे सबसे दूर और अलग जाना चाह रहे हैं। हर रोज़ एक गाडी आती जो शहर घुमाने के लिये लेकर जाती। सब तैयार होकर उसमे बैठने के लिये मारामारी करते। मगर किसी - किसी को ही उसमे सीट मिलती। मैं भी हर रोज़ उसकी लाइन में खड़ा होता हूँ अपना सबसे अच्छा और खूबसूरत कपड़ा पहनकर। एक दिन उसमें सीट मिल ही गई।


******

रंगीन छत के सड़क के बीच में आते ही सबकी नज़र उसके वश में हो गई।
एक शीसे से बना मकान फुटपाथ पर खड़ा है।
बीस हजार पन्नों की किताब बस स्टेंड पर रखी है।
80 मीटर लम्बा पेन रेड लाइट के नीचे पड़ा है।
500 लीटर का मटका सड़क के किनारे रखा है और लोग उसमे से पानी पी रहे हैं।
एक पारदर्शी दिवार है जिसमे अनगिनत किताबें रखी हैं।
200 फिट बड़ा स्पीकर लगा है जिसमें से ढेहरों आवाज़ें लगातार आ रही हैं।
एक हैंड बेग जिसमें 350 जेबें हैं।
एक बस जिसमे दरवाजे ही दरवाजे हैं।
सड़क के किनारे बना शौचालय जो शीसो से बना है।

जो शहर दिख रहा है उसे एक बार और देखने के लिये आंख बनानी होगी।

लख्मी

Monday, July 25, 2011

दो मिनट शहर के - पर किसके लिये?

तेज आंधी थी। कोई भी चीज़ जमीन पर नहीं थी। दीवारों पर चिपके पोस्टर फड़फड़ा रहे थे। कोई उन्हे फिर से चिपकाने वाला नहीं था। लुढ़कती चीजें अपने से भारी सहारे से टकराकर वहीं पर जम जाती। कोई गा रहा है। उसकी तेज आवाज़ आंधी के साथ बह रही है। कभी लगता है जैसे वे बहस कर रही है। आंधी को अपने काबू मे कर रही है। आंधी के बीच से निकलते कई लोग उस आवाज़ तक जाने के लिये भटक रहे हैं। हर किसी को जैसे उसके पास जाने की तलब है। वे कभी अपने अलाप पर होती तो कभी उस नमी मे जैसे वे आंधी को पी गई है। हर कोई उसके साथ अब गाने लगा है। आंधी से लड़ने के बहाने के जैसा। कोई किसी को देख नहीं सकता। सब जहां खड़े हैं वहीं पर रूक गये हैं। वहीं से उस आवाज़ के साथ अपनी आवाज़ को भिड़ा रहे हैं। कभी कोरस बन जाते हैं तो कभी जुगलबंदक। समा में आवाज़ें नहीं है, किसी एक तार मे खो गई हैं। एक हो गई है। आंधी की धूल छटने लगी है। पूरा शहर एक ही जगह पर खड़ा है। मगर बिना किसी को पहचाने की कोशिश मे।


******

एक हूजूम सड़क से निकल रहा है। किसी मदमस्त हाथियों के झुण्ड की तरह। हर किसी के पास एक तस्वीर है। हर तस्वीर मे कोई नहीं है। जैसे जगह उनके साथ उठकर कहीं जा रही है।

कोई छूट गया मगर लगता नहीं है कि छूटा है। वो यहां रह गया मगर लगता नहीं है कि रह गया।
वे यहां का हो गया मगर लगता नहीं है कि वे यहां का हो गया।
वे यहां कुछ देर रूकेगा मगर लगता नहीं है कि कुछ देर रूकेगा।
वे यहां बसेगा मगर लगता नहीं है कि वे यहां बसेगा।
वे खत्म होगा मगर लगता नहीं है कि वे यहां समाप्त होगा।

वे समाप्ति से बाहर होकर आया है। वे कहीं भी जा सकता है।

हूजूम अपने साथ जो लेकर गया है उसे कहीं ज्यादा वे छोड़कर गया है।


*******

बंद बोरे सड़क के किनारे किसी एक जगह पर पड़े। जिन्हे खोलकर देखना किसी के बस का नहीं है। हर रोज़ वहाँ पर कभी तीन तो कभी दर्जनों के हिसाब से छोटे बड़े बोरे कोई न कोई फैंक ही जातान जा रहा है।

लख्मी

Saturday, July 23, 2011

दो मिनट शहर के - पर किसके लिये?

मीलों का सफ़र करके घर लौटा, मैं जहां लौटा वो घर नहीं था।
वापस उसी रास्ते पर गया, मैं जिस रास्ते को लौटा वो रास्ता नहीं था।

मैं कुछ देर चला, मैं कुछ देर रूका, मैं कुछ देर ठहरा, मैं कुछ देर अटका, मैं कुछ देर भटका
फिर मैं घर को लौटा, मैं जहां लौटा वो घर था

मगर मैं "मैं" नहीं था।

*****

कुछ भगदड़ मची थी। लोग एक दूसरे से टकराने के लिये तैयार थे। हर किसी को टकराने के अहसास था। पर, टकराने वाले से अंजान थे। भीड़ मे होने के बाद भी भीड़ से कोसों दूर थे।

कोई सड़क के बीच मे खड़ा पैगाम बांट रहा था। किसी के पास उसे सुनने के वक़्त नहीं था। मगर पैगामों के मनचले भागमभाग मे वे सब फंसे थे।

वो हर चक्कर पर अपने हाथों से एक पन्ना उड़ा देता। कई पन्ने पूरी सड़क पर बिखर रहे थे। उन पन्नों को पकड़ने की कोई कोशिश भी नहीं कर रहा था पर वे जानता था कि सब अपने नाम का पन्ना तलाश रहे हैं।

कुछ देर वो यूंही पन्ने लुटाता रहा। फिर कई कोरे पन्नें सकड़ पर ही चिपका कर चला गया।

*****

बेइंतिहा धूंआ छाया है। रोशनी कभी उसे छेद देती तो कभी उसके पीछे किसी आशिकी जोड़े की भांति गुपचुप कुछ कहती। अचानक से कोई उसमे से निकल आता। कोई गा रहा है, कौन है ये पता नहीं। मगर उसकी आवाज़ में धूंएँ के पीछे जाने की लरक पैदा की हुई है। हाथ डालकर कुछ निकालने की तड़प ने धूंए को खतरनाक पौशाक से बाहर कर दिया है।

“मैंने अपने जीवन से कुछ नहीं दिया तुम्हे। तुम ही मेरे से हमेशा कुछ मांगते रहे। जब तुम जिद् करते थे तो मैं डर जाया करता था। मैं छोड़े जा रहा हूँ वो सब डर और उनमे छुपे वो तमाम किस्से जो तुम्हे तुम्हारी मांगी हुई चीज ना देकर कोई बात बता दिया करता था। वो तुम्हे फिर से शायद वही दर्द देगीं लेकिन मेरे उस डर का अहसास जरूर करवा पायेगीं जो मैंने हमेशा महसूस किया है।"

धुंआ बहुत बड़ गया है।

लख्मी

Friday, July 15, 2011

दो मिनट शहर के - पर किसके लिये?

****
सड़के किनारे खड़ा वह शख़्स जिसे हर रोज़ वहाँ से गुजरने वाला देखता होगा। मगर शायद ही उसे कोई पहचानता होगा। उससे मुलाकात हर बार पहली बार की ही बनकर रह जाती है और वो मेरी याद में नहीं बनती। मैं उसे देखता हूँ, मैं उससे मिला हूँ मगर पहचान नहीं सकता। कभी सोचता हूँ उसकी तस्वीर खींचलू मगर वो पल में गुम हो जाता है। रेडलाइट की भीड़ में वो गायब हो जाने वाला चेहरा नहीं है मगर फिर भी खो जाता है। चेहरे पर हर मुलाकात मे वे नई दाड़ी मूँछ लगाये घूमता है - नई कोई ड्रेस में, नई किसी टोपी में - हाथों में पन्नी लिये आवाज़ नहीं मारता बस सीटी बजाता है। दाड़ी मूँछ नकली होती है मगर वो असली है। उसके लिये शहर के ये दो मिनट ही उस आठ घंटे की तरह है जिसमें वो उस झलक से कितनों के जहन पर अपनी ओर खींचता है। लेकिन हम दोनों का मिलन शहर मे खो जाने के बाद का है।



***
एक आसान सा रास्ता - मेरा नहीं है मगर मैं उसका जरूर हूँ। वो मेरे वक़्त है मगर मेरे वक़्त का उसके ऊपर कोई जोर नहीं है। कोई खामोश निगाह नियमित घूर रही है। वो किसी की नहीं है। मगर सब उसके घेरे मे है। वे बदलती है और बदल सकती है। किसी खास लिबास मे नहीं है। वे गायब होना भी जानती है। कोई दूर खड़ा सोचता है ये निगाह मेरी है - और मैं पास मे खड़ा कल्पना करता हूँ ये निगाह उसकी है। हर कोई एक दूसरे की निगाह का कर्जदार बना है।



***
रोशनी तीर सी जमीन पर गिर रही है। सब उसमें हैं - कोई बच नहीं सकता। कोई बचना भी नहीं चाहता। हर तीर उन नातों सी बनी है जो किसी को एक दूसरे का नहीं बनाती मगर एक दूसरे को बिना देखे जाने नहीं देती।

रेडलाइट पर गाड़ियाँ - रूकने हैं, ठहराव मे नहीं। समय के भीतर है जो गठ दिया गया है। पर ये कहने वाला कौन है? कहाँ है, किस रूप में है, किस लिबास में है? जो उस जगह को, रूकने को, गाड़ियों को एक साथ देख सकता है। जो शायद उसमें नहीं है - मगर शायद उससे दूर भी नहीं है। वे उसके साथ भी है लेकिन उसके भीतर नहीं है।

सफ़र मे है . . . .

Monday, June 27, 2011

इसकी कोई आकृति नहीं है








इसकी कोई आकृति नहीं मगर फिर भी किसी संगीत की तरह इसके भीतर अनेकों तार एक दूसरे से हमेशा टकराते रहते है, रहे हैं।

इन बेजोड़ तारों के साथ बजने वाला संगीत इस कठोर ढांचे की उन कग़ारों को छू जाता है जिसका रूप बिना चेहरे के है। किस कण से इसके भीतर की जमीन को महसूस किया जा सकता है। संगीत से, हलचल से, गूंजल होती दृष्टि से, रफ्तार से, ट्रांसफर होती तीव्रता से।

मैं उन सभी दिशाहीन रूपों से खुद को कभी उलझा तो कभी दूर पाता रहा हूँ। कभी बिना किसी शौर के तो कभी बिना किसी शांति के। ये हर दम मेरे अन्दर के किसी हिस्से को सक्रिये बनाता रहा है। ये मेरे से बाहर है, मगर मेरे अन्दर को बनाता रहा है नियमित। ये मेरा रूप नहीं है मगर मेरी छवि इसकी रहनवाज़ है।

समय के बिना और समय के पुनर्चित मे :

लख्मी

Thursday, June 9, 2011

क्या डर होता है





शहर के बीच ही किन्ही स्पर्श को टटोलटी सांसे अपने ही शरीर की गिरफ़्त में है। ये आजादी नहीं मांगती इनकी मदहोशी किसी सीने में बसे दर्द की आवाज़ से जान सकते हैं।

चीजों को अपनी कल्पनाएँ करने दों वो भी किसी के पुर्ण:निर्माण में जाने की मांग करती हैं। जीवन उनके लिये भी स्पेस चुनता है। चीजों का क्या डर होता है? डर होता क्या है? जिसे जीने के रूप विभिन्न है।


राकेश

जिन्दगीं मे बसा किसी का स्वरुप



धुंधली रेखाएं

शहर आज क्या है जिसमें शामिल होते ही चटख भरी दिनचर्या से हमारी मुलाकात होती है? जो चुम्बक की तरह हमें अपनी तरफ खींचती है। उसकी हर सुबह उन्नत वर्तमान के परीवेश में होती है।

कई चीजों का आँचल आँखो के सामने होता है। किसी न किसी श्रोता की प्रतीक्षा में धुंधली रेखाएं माहौल में विराजमान रहती हैं। मन की चैष्टायें धूप की तरह अस्तिव में बिख़र जाती हैं। कोई शायद धूमिल सा अधूरापन लिये रास्तों पर चलता है। उसकी जिन्दगी में बसा किसी का स्वरूप भीतर से बाहर का निकास करता है। पूर्ण क्षमताओं से टकराती जिंदगानी नज़र से नज़र मिलाकर बातें करती हैं।

घूंघट से देखती वो (बदमाश ) नजरें जो किसी के रूप को चुरा लेने की फिराक में रहती हैं या किसी कलाकारी में व्यस्त हाथ जो किसी के शक़्ल-सूरत को गढ़ने के साथ, अपना वज़ूद गढ़ते चले जाते हैं। ये इशारों की वो रेखाएं है जो हमारे चारों तरफ खिंची हैं और इसके बीचो-बीच हम हैं जिनमें हम अपने निजी के दायरे को जीते हैं।

उसे साझा करने के लिये शहर में निकल पड़ने की जिद्द को लिये समाज के बँटवारे को बिना काटे हम अपनी कतारों से बाहर झांक कर देखें की कौन-कौन हमारे संम्पर्क में है।

हम निजी जब लाते हैं तो क्या दिखता है शहर में? ये सवाल ही अपने को किसी तत्व से बिल्ट कराता है। अपनी तस्वीर, अपनों के साथ अपनी आवाज़ें, आँधी मे आने वाली रातें जो सुबह का इंतजार नहीं करती। वो शिद्दत करती हैं उस विराट मौज़ूदगी की जो शहर के किसी कोने से उठती हैं और ख़बरिया चैनलों की भांती अपनी छवि लोगों से मुखातिव करवाती हैं।

बताने वाला और सुनने वाला दोनों शहर में कहां का स्पेस तलाश रहे हैं। शहर जो नक्शोवाला गुच्छा है और उसमें कई अदखुली गुत्थियाँ हैं जिसमें कोई आवाज़ लिपटी हैं और कोई सड़क तो कोई चीजों का अपने वज़ूद के साथ होने का अहसास करवटें ले रहा है।


राकेश