Monday, March 4, 2013

हूटर पर नृत्य - भाग 2

हूटर पर नाच

पिछली रात अशौक ने रजनी के चेहरे पर कई रंग लगा दिये। रजनी को इन सबका पता भी नहीं था। वे मदमस्त नींद में मुस्कुराती हुई सो रही थी। अशौक ने रंगो से उसके चेहरे को पूरी तरह से रंग दिया था। लाल, पीला, हला और नीले रंग से इतनी लकीरें खींच दी थी की लगता था कई सारे इंसान के साथ रजनी आज बिस्तर मे है।

दूसरे दिन रजनी उठी तो हर रोज़ की तरह वो सबसे मिलने के लिये अपने कमरे से निकली। जो भी उसे देखता तो हंस पड़ता। वे समझ नहीं पाती। जो भी उससे बात करता तो बड़ी मुस्कुराहट के साथ। मगर रजनी अपने काम मे पूरी तरह जुटी हुई थी। वे जिस जिस के पास मे जाती वो ही उसे देखकर चौंक जाता। उसे करीब से जानने वाले उसपर हंसते और दूर से जाने वाले पूरी तरह से चौंक गये थे।

सब की हंसी का कारण बनी रजनी वापस अपने कमरे में पहुँची। खुद को संवारने के लिये जैसे ही शीशे के सामने पहुँची वे खुद चौंक गई और फिर जोरो से हंसी। काफी देर तक वे खुद को बस, देखती रही। रंगो को प्यार से छूती वे और भी ज्यादा बिगाड़ रही थी। जैसे खुद का ही चेहरा बिगाड़ रही हो। कुछ देर आइने के सामने खड़े होने के बाद में रजनी उसी हालत में फिर से घर के अंदर घूमी, अब की बार वो उन लोगों के पास मे गई जो उसे देखकर हमेशा नराज रहते थे तो कभी गुस्सा हो जाते थे। उनके सामने वे खड़ी रही। उन बच्चों के पास मे गई जो उसकी डांट फटकार पर भी हंसते थे। उन्हे डराने के लिये।

फिर दोबारा से अपने कमरे मे आइने के सामने आई और रंग को मलने लगी।


जिन्दगी मे कई बार ऐसे वक़्त आते है जब ये सोचना बेहद जरूरी होता है कि जीवन के किस हिस्से को आगे ले जाने की जरूरत है? उसे जो कामयाबी और नकामी का उदाहरण बनेगा या उसे जो कुछ नया गढ़ेगा। यह वक़्त नये और छूटने वाली अनेकों छवियों के बीच मे खड़ा कर देते हैं। क्या पकड़ा जाये और क्या छोड़ दिया जाये? असल में कुछ नया मिलना और कुछ छूट जाना हमेशा साथ साथ चलता है। कुछ छूट जाने का गम करना इतना महत्वपूर्ण नहीं है जितना की नये की उमंग मे आगे बढ़ना। यह सोच उज्वल है। मगर शायद कुछ ऐसा भी है जिसे जीवन मे रिले करने की भूख रहती है। रिले करना विभिन्नताओ के अहसास में रहने के समान है। रिले ट्रांसफर है सोच का, छवि का, और समय का।

साथ ही वे मौके भी जब हम सभी खुद को एक बार ऐसे तैयार करते जिससे किसी को चौंका सके, हैरान कर सके, चिड़ा सके, लुभा सके, अपनी ओर खींच सके, डरा सके, पंगा ले सके या चैलेंज कर सके। कुछ तो बहुत कम समय के लिये बन पाते हैं तो कुछ कम समय के लिये होते मगर बार बार सिर चड़ जाते है। जीवन मे किसी वक़्त ने कोई चेहरा जैसे तोहफे मे दे दिया हो। वो याद तो रखा जायेगा मगर किस तरह?  उसे हम खुद से बुन ले तो क्या हो?


एक वक़्त ने उनके सामने भी ऐसे ही हालात पैदा कर दिये थे। जिनमे किन्ही दो रूपो में से उन्हे किसी एक छवि को अपनाना था। एक तो वे जो उन्हे पूरी तरह से इस दुविधा मे फसाये हुये थी कि वे कहां चली जायेगी और दूसरी वे जिसका बढ़ना पूरी तरह से तह होता है। पढ़ना, बढ़ना, शादी करना, मां बनना और फिर जिन्दगी के किसी पायदान पर रूक जाना। पायदान का दबदबा बेहद कठोर रहता है। समाजिक जिन्दगी का मान सम्मान बना रहता है। वे जो एक और रूप तैयार करता है जिसका रंगीले चेहरे से कोई लेना देना नहीं।

हर साल नाच मण्डली में हिस्सा लेती है। हिस्सा लेने से पहले वे कहां रहती थी व क्या करती थी। मण्डली का इससे कोई लेना देना नहीं होता था। शायद मण्डली का हर बंदा इसी रूप से नवाजा गया था। वे क्या छोड़कर आयी से ज्यादा वे इस बार क्या लेकर आयी है। नाच जमने से पहले यह जानने की रात हर साल जमती।

यह रात कई रोज की रातों से भिन्न होती। थकने और दुरूस्त होने से पहले की रात। कभी याद नहीं रहती। हर कोई दिन के शुरू होते ही क्या रूप धारण करके इस बार बाहर निकलेगा को रचता, बोलता और उसमे खो जाता। ऐसा मालुम होता की जैसे हर कोई वो बनकर निकलना चाहता है जिसमे वो खूबसूरत लगे, दुरूस्त लगे और यादगार लगे और कभी कभी तो होता की वे वो बनने की कोशिश मे है जिसे वो पहली बार खुद पर ट्राई करेगा।

एक पूरी रात उस किरदार मे ढ़लने के लिये होती। एक दूसरे को गहरी निगाह से देख सभी उस किरदार का अहसास करते। जैसे सपाट चेहरे पर उस किरदार का रंगीला चेहरा बना रहे हो। एक ही रात मे सभी अपने चेहरे मे दिखते चेहरे को पोत उन राहों पर निकल जाते जो अब भी अपने ही जैसे को तलाश रही होती है। उन पुते रंगीले चेहरे के पीछे के चेहरे को सभी ताकना चाहते और खोचना भी।

वे आज तैयार थी अपने चेहरे की शेप के भीतर किसी और को बसाये।


रूप वापस लौटते हैं। किसी समय को साथ लेकर। वे समय जिसे जवाब देना चाहते हैं या वे समय जिससे बहस करना चाहते हैं। समय जिसमें रूप खो गये थे, जाने नहीं जा रहे थे, नकार दिये जा रहे थे। समय उन पड़ावो को रिले करता चलता है जिसमें फिर से ये उम्मीद होती है कि वे रंग ले सकते हैं।


लख्मी

Friday, February 15, 2013

डाकघर और जरूरत

डाकघर दोपहर के 2 बजे थे। डाकघर की खिड़की खुलने से लगभग 5 मिनट पहले। इस समय डाकघर एक दम खाली रहता है। पंखे की हवा से टेबल पर रखे पन्ने फड़फड़ाते रहते हैं और खाली कमरे की शांत आवाजें पंखे की हवा में मिल जाती है और एक चक्करव्यू सा तैयार करती हैं। इसी बीच मैं दरवाजे पर खड़ा इन्तजार कर रहा था वहां पर किसी के आने का। वहीं कोने में रखी एक बड़ी सी टेबल के नीचे की तरफ़ एक शख्स कुछ फाईलों में कुछ टटोल रहे थे। साथ ही साथ मोहर लगाने की आवाजें भी आ रही थी।

इज़ाज़त मांगता हुआ मैं अन्दर दाखिल हुआ।  वे वहां से खड़े हो गये। बड़ी-बड़ी मूंछे, लम्बे-चौड़े वे देखने में किसी पुलिस वाले की की कठ-काठी के जैसे ही दिखते रहे थे। लाल चन्द नाम है इनका, दक्षिण पुरी जे ब्लाक के एक इकलौते डाकघर के ये सबसे पुराने काम करने वाले हैं। पिछले 5 सालों से ये यहीं पर अपनी पोस्टिंग सम्भाल रहे हैं। लाल चन्द जी यहां दक्षिण पुरी के रहने वाले नहीं है। वे आर.के.पुरम के रहने वाले है। सरकारी क़्वाटरों में इनका भी एक घर है। जो सरकारी नौकरी से मिला है।

उन्होनें ऊपर उठते ही कहा, “हां, क्या चाहिये?” फाइल को बन्द कर दिया था उन्होनें।

मैंने उनसे बात करने को कहा, “सर क्या मैं आपसे कुछ बात कर सकता हूं? कुछ जरूरी बात है।"

"जरूर कर लेना मगर क्या बात करनी है?”

मैंने कहा, “एक सवाल करना था आपसे, मुझे लगा उसे आप सही से समझा पायेगें।"

"क्या सवाल है?” ( वे बोले मेरी तरफ़ देखते हुए)

"आज के टाइम में लोगों की जरूरतों की जगह कहां है उनके जीवन में?” (मैंने उनसे सवाल किया ।)

वे मेरी तरफ़ में देखते हुए बहुत सोचकर बोले, “यह सवाल करने की क्या जरूरत पड़ गई तुम्हारे को?”
मैंने कहा, “सर मैं जब भी अपने घर या दोस्तों में कोई बात करता हूं या किसी भी चीज़ को लेकर बात करता हूं तो बात शुरु भले ही कहीं से भी हो पर ख़त्म जरूरत पर होती है। मैं समझना चाहता हूँ इसे। क्या आप समझा सकते हैं?”

"और कितने लोगों से बात कि है तुमने इसके बारे में?” ( वे बोले कुछ समझने के लिए)

"कई लोगों से और जरूरत के पहाड़ों को बहुत बार सुन चुका हूं घर में, दोस्तों मे, स्कूलों मे मगर कभी ठीक से समझ नहीं पाया। शुरूवात आपसे करना चाहता हूँ क्योंकि मैंने सुना है की यहां पर जरूरतों को सोचते हुए या आने वाले समय को सोचते हुए। कुछ रास्ते लोग खोजते हुए चले आते हैं।"

वे अपने काम में लगे हुए बोलते गये। वे कुर्सी पर बैठते हुए बोले, "मैं क्या बता सकता हूँ तुम्हें बस, यही बता सकता हूं कि मैंने यहां से क्या अनुमान लिया है। उसके अलावा क्या? मुझे देखो कभी पाला नहीं पड़ा था मेरा किसी के भी जीवन की कहानियों से और ना ही कभी मैंने इस काम की लाइन में किसी के घर के बारे में जानने की कोशिस भी की है। मगर, फिर भी यहां के बारे में बहुत कुछ जान चुका हूँ। यहां जरूरतें कभी तो कठिन परिस्थिती है तो कभी बचत के साथ जुड़ी हैं। अपने 35 साल के अनुभव में मैंने अनेकों खाते खोले मगर यहां दक्षिण पुरी में सबसे ज्यादा खाते 60 साल की उम्र वालो के हैं और उसके साथ में सुनी है मैंने यहां कई कहानियां। बहुत किस्से हैं जो जरूरत की मार खाये हैं। कई लोग तो यहां घण्टों बैठे रहे हैं और कईयों ने तो अपना घर का सारा समान लिए रात बिताई है यहां पर। मैं इतने डाकखानों मे रहा या तो मैं वहां नौकरी कर रहा था या फिर यहां कुछ और कर रहा हूँ। आज के समय में तो जरूरत ही तय करती है सब। ऐसा लगने लगा है कुछ वक़्त से।"

"जहां आप पहले रहे, वहां पर क्या मालुम होता था जरूरतों को लेकर?” ( मैंने उनसे पुछा)

उन्होनें एक रजिस्टर निकाला और दिखाने लगे। कहने लगे की "ये वे रजिस्टर है जिसमें कई जरूरतें जमा हैं। बताओ अब इसे कैसे देखोगें? लोगों ने अपना 3, 3 हजार रूपये तक 8 साल के लिए फिक्स कराया हुआ है जो 8 साल के बाद में डबल मिलेगा। जानते हो जिसने ये कराया है उसकी उम्र कितनी है? 65 साल और उन्होनें ये अपनी पोती की शादी में कुछ अपनी तरफ से देने के लिए करवाया है। उनकी पोती 8 साल के बाद में 20 साल की हो जायेगी और नोमिनेट भी उसी को किया है। मगर, जहां पर मैं पहले था वहां पर तो ऐसा कुछ भी नहीं था। मेरा अनुभव 28 साल की उम्र में शुरू हुआ। कई तबादलों में मैं अपनी ज़िन्दगी के 36 साल दिये है। मैं पहले जिन डाकघरों में रहा वहां डाकखाने का मतलब था, वे ख़बर जो जमा रखना जो महज़ सरकारी चिठ्ठियों में ही आती थी। जैसे, रिज़ल्ट, नौकरी, सम्मन और बील वगैरह। किसी के नाम का ख़त आना या देखना बेहद मुश्किल होता। सन 1970 में मैं आर.के.पुरम के डाकखाने में था। वहीं पर मेरा क़्वाटर भी है, उसके बाद मुझे कालका जी भेजा गया, 4 साल के बाद मालविया नगर, उसके 3 साल के बाद ओखला, उसके फोरन 2 साल के बाद ही कोटला मुबारकपुर फिर दोबारा से आर.के.पुरम, उसके 3 साल के बाद नेहरूप्लेस फिर ओखला पार्ट-2, उसके बाद मुझे यहां दक्षिण पुरी में भेजा गया। वहां जरूरत का मतलब जल्दबाजी और बैचेनी था बस। असल में वहां किसी को किसी का नाम जानने की भी कोई जरूरत नहीं होती थी और मैं यहा अपनी 5 साल की नौकरी में लगभग 500 लोगों के नाम जानता हूँ और ना जाने कितने घरों की कहानियों को मैं सुन चुका हूँ।"

"क्या आपने किसी का ख़त पढ़ा या पढ़कर सुनाया है?” मैंने उनसे पुछा।

वे अपने चेहरे पर एक हठ वाला भाव लाते हुए बोले, “हां, बहुत से लोगों का पढ़कर सुनाया है। मेरा तो सबसे पहले काम ही यही था यानि कई साल तक ख़तों को पोस्टऑफिस लाने का काम किया है। तब बहुत सुनाता था।"

"कुछ याद है सर?” मैंने उनसे पुछा।

वे कुछ याद करने की कोशिस में बोले, “याद तो कुछ नहीं है मगर हां, जिन लोगों को पढ़कर सुनाया उनका हसंना और रोना याद रह जाता था।"

मैंने पुछा, “क्यों सर वही क्यों याद रह जाता था?”

वे बोले, “उन लिखे शब्दों में जान ही वही फूकतें थे। चाहे उनमे कोई मौत की ख़बर, बिमारी, जरूरत या खुशी कोई सी भी ख़बर लिखी हो मगर बिना पढ़ने या सुनने वाले के वे बेजान ही रहती हैं। उसके साथ जुड़ा हसंना या रोना ही उसमे जान डालता। तो वही याद रह जाता था।"

मैंने पुछा, “कितने तरह के लोग याद है आपको? हमें ये कैसे मालुम होता है कि कोई हमें याद है?”

वे हसंकर मेरी तरफ में देखते हुए बोले, “मुझे तरह तो याद नहीं मगर, यहां आये लोगों के किसी चीज को जानने से उसे अपनाने, करवाने तक जो सवाल करते थे वो और जल्दी रखते थे कि क्या बताये? कोई भी प्लान सुनते तो फौरन करने की कह देते। आई थी एक बुढ़िया, वो खिड़की के सामने ही बैठी थी। मैं उनकी आवाज सुन सकता था मगर, देख नहीं सकता था। वे नीचे बैठे-बैठे खाता खुलवाने की कह रही थी । शायद वे सुनती भी कम थी। मैं उचक-उचक कर देख रहा था। "अम्मा अन्दर चली आ" उन्होनें सुना भी नहीं फिर मैं ही उन्हे बाहर जाकर उठा
कर लाया। वो अपनी पैन्सन शुरू करवाने आई थी। महिने के 300 के हिसाब से उन्हे 3 महिने के 900 रुपये मिलने थे। वे अपना खाता खुलवाने आई थी। बस, हाथों में फोटो और 500 रुपये लेकर वो चली आई थी। जब तक मैं उनका फोर्म भरता रहा तब तक वो अपने घर, परिवार और बेटो-बहुओ की बातें बताने लगी। मुझे वो इसलिए याद नहीं है कि वे बुढ़िया अपने घरवालो से छुपकर कुछ करवाने आई थी बल्कि वो पूरा दिन यहीं बैठी रही थी। कॉपी के लिए।”

इतना तो पता चला है कि यहां पर कोई किसी भी चीज को आसानी से जाने नहीं देना चाहता। अब बताओ इसमे क्या है? कुछ भी तो नहीं मगर, फिर भी एक दौड़ है जैसे कोई अनचाही रेस है और हम उसमें नाच रहे हैं।"


लख्मी

एक चमकदार रिक्शेवाला

सफर जो हमारे से हमेशा जुड़ा है। हमारे साथ में अपने अलग-अलग अदांज लेकर चलता है। कहीं पर आना - जाना हो या कहीं पर अपना लम्बा समय बिताना हो या फिर अपने रिश्तों में हर रोज एक नयापन लाना हो। इसे भी लोग सफर का नाम दे देते हैं। शहर में अपना रोल निभाते लोग जब कहीं किसी जगह पर सुस्ताने के लिये बैठ जाते हैं तो अपनी उस भागदौड़ से भरी चलने की रफ़्तार या उतार-चड़ाव को सफ़र कह दे देते हैं - सफ़र असल में कहीं पर पैरों को दौड़ाने का नाम या काम ही नहीं बल्कि सफ़र अहसासों की वर्णमाला भी है। पर इसमें भी अपना - अपना तरीका होता है। वैसे- देखो तो सफ़र कभी भी ख़त्म नहीं होता, अगर चलना रुक जाये तो ज़िन्दगी में अनेकों टूटे या बुनते वक़्त का दौर चलता रहता है।

हम कभी-कभी अपनी रोजाना के काम या अभिनय की इस लाइन को वक़्त में जोड़ते हुए चलते हैं। और दिवार पर टंगी उस घड़ी की तरह हो जाते है जहाँ पर हम रुके हैं पर सुई की तरह सफ़र चलता है। इससे जुड़ता है हमारा अनुभव, बैचेनी, गती और रिश्तों का साझारूप जो हमारी दिनचर्या में जुड़ा रहता है और इनसे ही उभरता है वो सफ़र जो चलने से ही नहीं, घूमने से ही नहीं बल्कि अनुभव को सुनने से बना है।

कई तरह के लोग हमसे अक्सर टकराते हैं। जो अपने काम की लय में कितने ही मुश्किले, चुनौतियाँ ले रहे हो पर किसी को जाहिर ही नहीं होने देते और अपने बनाये अनुभव को किसी एक लाइन या डायलॉग में बोल जाते हैं जिसमें एक छवि उभरती नज़र आती है।

एक शख़्स जिनसे मुलाकात हुई - एक सड़क पर जो एक रिक्सा चलाते हैं।
मगंलवार का दिन था मैं मोरी गेट से राजपुरा रोड़ जाने के लिये निकला। एक यही ऐसा रोड़ से जो मुझे बाकी रास्तों से थोड़ा अलग सा लगता है। सबसे ज़्यादा भीड़ यहाँ पर रिक्से वालों की होती है। बड़ी-बड़ी गाड़ियों के बीच में रगं-बिरंगे रिक्शे दिख ही जाते हैं। जिनके लिये ज़्यादातर रेडलाइट कोई मायने नहीं रखती। मैं वहाँ जाने के लिये रिक्शा कर रहा था पर उस तरफ में बहुत ही कम लोग जाते हैं। अगर कोई रिक्शे वाला राजी भी होता तो 15 से 20 रूपये माँगता। अगर मेरे साथ में कोई एक और बन्दा होता तो रिक्शे वाला 5 रूपये सवारी में हामी भी भर देता पर एक बन्दा हो तो। वो उसी से 3 सवारियों का किराया बसूल करता और ये भी तो जायज सी ही बात है अगर चक्कर लगाना ही है तो कम से कम 10 रूपये का तो हो। तभी एक रिक्शे वाला सवारी को उतारता नज़र आया। यहाँ पर और भी काफी लोग थे रिक्शे की जरुरत वाले पर उसके पास मे मैं सबसे पहले पहुँचा।

मैंने उससे कहा की "राजपुरा रोड़ 29 नम्बर चलोगे" तो उसने मुझे देखते हुए कहा, "एक सवारी 10 रुपये।" मैंने तुरंत ही रिक्शे की सीट पर बैग रखा और उसके कांधे पर हाथ रखकर रिक्शे पर चड़ गया। रिक्शे वाले भाई साहब ने पजामा, कुर्ता और गले में स्वापी डाल रखी थी और पूरा रिक्शा सजाया हुआ था। हेन्डल पर लगे चमकिले रगं-बिरंगे फूल, लटकी झालर जो धूप में चमक रही थी। हेन्डल पर लटकी फूलों की माला जो लगता था की सुबह ही डाली है। ताजा लग रही थी और हेन्डल पर लगी बीचों-बीच एक छोटी सी फोटो। उसे देखकर तो मुझे लगा जैसे कहीं पर सूटिंग हो रही है और फिल्म में हीरो की एन्टरी हो रही है। तभी इस रिक्शे को सजाया गया है। फिल्मों में तो हीरो के रिक्शे इतने सजे होते हैं। वो रिक्शेवाला हेन्डल को पकड़े पैडल पर झूल रहा था। काफी मुलायम रास्ता लग रहा था। जैसे ही वो अपनी गद्दी पर बैठा तो मैंने उससे पूछा "भाई साहब बड़ी शानो-शोकत लगती है आपके रिक्शे की। धूप में लाइट मार रहा है। क्या ये आपका अपना रिक्सा है या किराये का?”

वो स्वापी से अपना मुँह पोछते हुए बोला, "हाँ ये मेरा अपना रिक्शा है। इसे मेरे बच्चे सजाते हैं और मेरी लड़की रोज इसकी पूजा करती है तो माला भी इसी पर डाल देती है। अब देखिये यही तो हमारी रोजी-रोटी है इसे मेरे बच्चे एक दम नया बनाकर रखते है और मैं भी इसे सही बनाकर रखता हूँ तभी तो पानी की तरह चलता है मजा आता है। लेकिन शायद अब दिल्ली की सड़कों को इन साइकिलों पर झूलते लोगों की जरूरत नहीं है।"

इतना कहकर वो चुप और मैं सोचने लगा जहाँ एक दूल्हे के सेहरे की तरह वो चमकीली झालर हेन्डल पर चमक रही थी। इतनी ऊंची-नीची सड़क बिरेकर में अपने इस सफ़र को हल्का बनाकर ये क्या छोड़ते हुए चल रहे हैं? पर उस ज़्यादा महत्वपुर्ण है की ये क्या बिखेरते हुए चल रहे हैं?

फिर वो गाना गाने लगे - मैं खामोश होकर उनको सुनता रहा।

"ये सफ़र है जिन्दगी का युही कट जायेगा। इन ऊचें-नीचें भरे रास्ते पर अब दिल ना घबरायेगा...”

सजावट से लेकर सरकार के साथ बहसबाजी की धुन को वो बोलकर ऐसे अपने खो गये की एक पल के लिये लगा की जैसे हमारे बीच मे कुछ हुआ ही नहीं। ये जीवन का ऐसा पहलू था की इसे छेड़ने का असली मतलब था की मैं किसी के दुख को कुरेद रहा हूँ। कैसे दोनों तरफ के अहसास को जिया जाता है? वो सब मैंने इस एक ही पल मे उनमे महसूस किया।

ये जूस्तजू थी, जिसको पालकर चला जाये तो सारी हसरतें अपने आप जीने की परतों पर मुलायम अहसास खोल देती है।


लख्मी

Wednesday, February 13, 2013

मेरी किताबें

कुछ दिनों पहले मेरी बीवी ने मुझसे कहा बुकसेल्फ में रखी किताबों को देखकर।

“आपको जो भी एक-दो किताबें इनमे से लेनी हैं तो ले लो। मैं बाकी सब कबाड़ी को बेच रही हूँ, तुम रोज इन किताबों के लिए मुझे नजरंदाज करते हो।"

मैंने कहा, "नहीं ऐसा मत करो। ये किताबें आग है जिससे मुझे रोशनी मिलती। जैसे: सर्दी के मौसम में कोहरे को चीरकर दिखाई देने वाली उड़ते हुए शोले हों। इसमें मुझे कोई क्षितिज दिखाई देता है।"

दो दिन बाद...... मेरी किताबें उस बुकसेल्फ के खाने में नहीं थी। वो सारी किताबें मेरी बीवी ने बेच डाली थी। बिना किसी संकोच के। जब मुझे ये पता चला तो मैं गुस्साया और चिल्लाया। मेरी बीबी तो वहाँ से हट कर चली मगर मैं वहाँ खड़ा ये सोचता रहा की इस खाने में आखिर क्या था? जिसकी वजह सें आज मुझे वो आग नहीं दिख रही।

राकेश

Tuesday, February 12, 2013

अपना हाथ जगननाथ


हम क्या बनना चाहते हैं उसके पीछे ही दौड़ रहे हैं। मगर हम क्या बन सकते थे वही भूले हुए हैं बस। मैं भी जो बनने चला था वो तो नहीं बन पाया मगर क्या बन सकता था वो भी भूलता गया। हमारी याद रखने की क्षमता से ज़्यादा तो हमारी भूलने की ताकत है। आज हम बैठकर बात करते हैं कि "मैं जो ना बन सका" से अपनी मंजिल रचते हैं।


मैं जो ना बन सका...
पहली से पांचवी तक के स्कूल में टाइम से सब कुछ चलता था लेकिन किसी के पास घड़ी नहीं होती थी। ना तो टीचर के पास, ना क्लास में और ना ही किसी बच्चे के पास। बस, घंटियां थी। वे बजती और क्लास शुरू। मगर हमने सोच लिया था कि क्लास में एक टीचर से दूसरे टीचर के बीच की दूरी को किस तरह से जिया जाये। उसमें कभी नये गाने बनने लगते तो कभी कोई नये खेल बुन जाते। धूप पूरी क्लास में उस घड़ी का काम करती जिसने इस दूरी को समझना सिखाया था कि इस दूरी को किस तरह से जिया जा सकता है। क्लास में धूप जहां जहां चलती मैंने वहां पर जमीन से, कुर्सियां, उससे डेस्क और डेस्क से दीवारों पर अपने हाथ से नम्बर लिख डाले थे। टाइम देखकर धूप की घड़ी बना डाली थी। पूरी क्लास दूर से देखने पर लगती थी जैसे हमने उसे प्यानों की तरह बना दिया है। लेकिन वो तो धूप घड़ी थी। पूरी क्लास एक टाइम मशीन की तरह बन गई थी लेकिन मैं, घड़ी बनाने वाला भी ना बन सका।


पढाई दिमाग में घूसी नहीं। अपना हाथ जगननाथ के नारे ने स्कूल भी छुड़वा दिया। हाथ की दस्तकारी पाने को मकैनिक की दुकान का ताला बन गया। उसे टाइम पर खोलना और बंद करना रहा। क्या रबड़ है, क्या टीन, क्या पीतल, क्या सिलवर और क्या लोहा छांटकर चिट्ठे लगाता रहा। गाड़ियों से निकाली गई चीजों को साफ कर उन्हे फिर से नया बनाता रहा। वहीं चीज़ें दोबारा से गाड़ियों में लगा दी जाती और नये के पैसे ले लिये जाते। चमक क्या होती है, नया क्या होता है और कहां से और कितना साफ करना है सब कुछ जैसे अपने आप हाथों में बस गया था। मगर क्या करें मैं इतना करने के बाद भी एक मकैनिक ना बन पाया।


छोटी सी उम्र में गाड़ी चलाना सीख गया। इस दूकान से उस दूकान समान पंहुचाता रहा। एक छोटे से एक्सीडेंट ने पेंटर का शार्गिद बनने पर मजबूर किया। पेंटर भला था कोई भारी काम नहीं करवाता था। ब्रुश साफ कराना, केनवस फिट करना, रंग निकालना और खराब पेंटिग को साफ करना। कुछ दिनों के बाद में एक पेंटिंग को मैंने साफ किया। उस पेंटिग को देखकर लोग रोज हंसते थे। वहां उसे खड़े खड़े देखा भी करते थे। बंद दुकान की वही एक पहचान भी बन गई थी। बस, बनी बनाई पेंटिंग को मैंने और रंगो से साफ कर दिया था या ये कहिये की और रंगों से उसे भर दिया था। अमिताभ बच्चन की पेंटिंग में कई और अमिताभ बच्चन दिखने लगे थे। दुकान पर भीड़ रहने लगी थी। मैंनें फिर कई ऐसी और दस्तकारियां की इतना करते रहने के बावजूद भी मैं एक भी अच्छी पेंटिंग बनाने वाला नहीं बन पाया।

लकड़ी के केनवस बनाने में बहुत पैसा है। ये सुनते ही अपना भविष्य दिखने लगा। लगता था की लकड़ी का काम तरक्की देगा। बैठने की आरामदायक कुर्सियां, लेटने के लिये, चढ़ने के लिये, पढ़ने के लिये, झूला, जीना, कबर, पेटी, लकड़ी के रूप घने थे। कोई ना कोई चीज़ तो मैं बनाना सीख ही जाऊगां। यह सोचकर पुरानी लकड़ी की मार्किट में घूस गया। शुरूआत में रस्सी और पुरानी लकड़ी हाथ में लगी। काफी पुराना माल जो पहले से ही बना हुआ था। सोफा, रेक, ड्रेंसिटेबल, बुकसेल्फ। सबको काटना था। मैं क्या बनाना चाहता हूँ लकड़ी को उसमें से निकालना था। मैं तो बस, बनी हुई चीजों में से कुछ ही हिस्से काटकर उसमें रस्सियां लगा देता। और बना देता झूले वाली कुर्सी, परदेदार कुर्सी, परदे वाली चौखट, घुमने वाली टेबल। बहुत डांट पड़ती। और कभी कभी तो थप्पड़ भी। सुनना पड़ता, 'आरी पकड़ने की तमीज नहीं है और हथोड़ा चलाने का ठेका लेता है।'  डर के मारे वो काम मैनें छोड़ दिया। अगर वहीं पर सुनकर और पिटकर रहता तो एक कारपेंटर तो जरूर बन जाता मगर वो भी रह गया।


सरकार से एक साइकिल नसीब हुई। हाथ से चलाने वाली साइकिल। कई साल हाथ के काम को तलाशता मैं यहां तक पहुँच जाऊगां ये मालुम नहीं था। साइकिल मिली हाथ से चलाने वाली। अब उसी साइकिल को मोटरसाइकिल में बदलता हूँ। ऊपर छतरी लगाता हूँ। उसे दुकान बनाता हूँ। ऐसा स्टॉल बनाता हूँ जिसे बाहर कर दिया जाये तो वो कुछ और बन जाये और बंद कर दिया जाये तो साइकिल। उसमें शीशों के बोर्ड बनाता हूँ। बोर्ड खाली पढ़ने के लिये नहीं होने चाहिये। वो ऐसे हो की लोग उसके सामने खड़े हो पाये। विवश हो जाये खड़े होने के लिये। मैं शीशों के बोर्ड बनाता हूँ। लोग आते जाते उसमे एक झलक खुद को देखते जरूर हैं। मैं कम जगह में मोबाइल शॉप बनाने की कोशिश कर सकता हूँ। बल्कि बना सकता हूँ। स्टॉल, हेंडिकेप साइकिलों से। जिन्हे रिचार्ज काऊंटर बना सकता हूँ। ओपन शॉप और फिर साइकिल।

सोचता हूँ अपना यह डिजाइन और इस कोशिश को दिल्ली विकलांग संस्थान को भेज दूँ। ताकी वो मेरी इस अर्जी को एक नज़र जरूर दें। पर फिर लगता है की अभी बहुत आगे और जाना है। सही कहा था लोगों ने, “अपना हाथ जगननाथ"
  

लख्मी

अनुलग्नक

राकेश